Thursday, October 22

गणेश चतुर्थी पर गण सेना के सदस्यता महाभियान का शुभारंभ, डॉ. विनायक लूनिया ने लॉन्च की आधिकारिक वेबसाइट

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव के उद्देश्य से निर्वाह फाउंडेशन की नई शाखा गण सेना का विधिवत शुभारंभ

इंदौर। (SDNA) गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर निर्वाह फाउंडेशन की नई शाखा ‘गण सेना’ के सदस्यता महाभियान का शुभारंभ किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विनायक लूनिया ने गण सेना की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च करते हुए संगठन के उद्देश्यों, सदस्यता अभियान और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

डॉ. विनायक लूनिया ने बताया कि गण सेना एक सनातनी संगठन के रूप में कार्य करेगी। संगठन को भगवान गणेश एवं गणपति की सेना के स्वरूप में पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसका प्रमुख उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सुधार एवं सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाना है।

मात्र 11 रुपये रखी गई सदस्यता शुल्क

गण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विनायक लूनिया ने बताया कि संगठन की सदस्यता शुल्क मात्र 11 रुपये निर्धारित की गई है। सदस्यता से प्राप्त राशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार से संबंधित सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर सामाजिक भागीदारी का व्यापक नेटवर्क तैयार करना है, जिससे जरूरतमंद लोगों तक सामाजिक योजनाओं और सेवाओं का प्रभावी विस्तार किया जा सके।

नेटवर्किंग सिस्टम के माध्यम से संगठन का विस्तार

डॉ. लूनिया ने बताया कि गण सेना का विस्तार नेटवर्किंग सिस्टम और निर्धारित नीतियों के आधार पर किया जाएगा। संगठन की कार्यप्रणाली में सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा।

प्रारंभिक व्यवस्था के तहत प्रत्येक सदस्य को न्यूनतम 11 नए सदस्यों को संगठन से जोड़ना होगा। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सदस्यों को सक्रिय सदस्य के रूप में कार्य करने तथा भविष्य में संगठन में पदाधिकारी की जिम्मेदारी प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए जनभागीदारी पर जोर

गण सेना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संगठन का प्रयास रहेगा कि युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज के अन्य वर्गों को अभियान से जोड़ा जाए, ताकि वे समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

डॉ. विनायक लूनिया ने कहा कि गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर शुरू किया गया सदस्यता महाभियान केवल संगठन के विस्तार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उद्देश्य सामाजिक जागरूकता और सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाना भी है।

उन्होंने समाज के लोगों से गण सेना के सदस्यता महाभियान से जुड़ने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

(SDNA)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *