

ईशान किशन की नाबाद 80 रन की पारी के बाद बुमराह-अक्षर की घातक गेंदबाजी, श्रीलंकाई टीम 45 रन पर ढेर
निशिन (जापान), 1 अक्टूबर। एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में 124 रन से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम महज 9.5 ओवर में 45 रन पर सिमट गई।
फाइनल में अब भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होगा। इस जीत के साथ भारत ने कम से कम रजत पदक सुनिश्चित कर लिया है, जबकि टीम की नजर अब स्वर्ण पदक पर होगी।
ईशान ने संभाली भारतीय पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। अभिषेक शर्मा 7 रन और संजू सैमसन 7 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। कप्तान श्रेयस अय्यर भी 13 रन ही बना सके।
देश-दुनिया, राजनीति, समाज, व्यापार, प्रदेश और स्थानीय समाचारों की ताजा एवं महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने मोबाइल WhatsApp पर प्राप्त करते रहें।
📰 SD News Agency के WhatsApp ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और ग्रुप से जुड़ जाएं।
👉 WhatsApp Group से जुड़ने के लिए क्लिक करें:
SD News Agency WhatsApp Group से जुड़ें
SD News Agency — खबर वही, जो आपके लिए जरूरी है।
इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 38 रन बनाकर पारी को गति दी। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। वैभव के आउट होने के बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और एक छोर पर टिके रहे।
ईशान ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद तेजी से रन बटोरे। उन्होंने 46 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी के दम पर भारत चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंच सका।
भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को समेटा
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। जसप्रीत बुमराह ने पारी के शुरुआती ओवर में ही दो विकेट लेकर श्रीलंका को बड़ा झटका दिया। इसके बाद अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने दबाव बढ़ाया।
श्रीलंका के तीन विकेट सिर्फ 2 रन के स्कोर पर गिर गए। इसके बाद 18 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। 33 रन के स्कोर पर सात विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका की वापसी की उम्मीद लगभग समाप्त हो गई।
श्रीलंका की ओर से नविंदू फर्नांडो ने सर्वाधिक 15 रन बनाए, जबकि कप्तान सहन के बल्ले से 9 रन निकले। टीम के छह बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली।
अब पाकिस्तान से फाइनल मुकाबला
श्रीलंका के खिलाफ शानदार जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट वर्ग के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब स्वर्ण पदक के लिए भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। महिला वर्ग में भारतीय टीम पहले ही स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी है।
(SDNA)
Related

